वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के बेलहसा गांव के पास पशुओं से भरी डीसीएम बृहस्पतिवार की देर रात बेलहसा गांव के पास स्थित नहर के पुलिया पर पलट गई। इस हादसे में डीसीएम में ठूंस कर भरे पशुओं में से छह की मौत हो गई जबकि शेष बचे 16 में से कई घायल हो गए। पुलिस ने दो पशु तस्करों को मौके पर से गिरफ्तार कर लिया है। तीन पशु तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकले।
डुमरियागंज सिद्धार्थनगर क्षेत्र के पशुओं को लादकर सेमरियावां संतकबीरनगर की ओर जा रही डीसीएम बृहस्पतिवार की देर रात जैसे ही वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के बेलहसा गांव के पास नहर की पुलिया पर पहुंची, अचानक अनियंत्रित होकर नहर के नीचे पलट गई। जब तक आस पास के लोगों को खबर होती, तब तक डीसीएम में ठूंस ठूंस कर लादे गए गोवंशीय पशुओं में से छह की मौत हो चुकी थी। इनमें दो गाय और चार बैल बताए गए है। प्रभारी निरीक्षक रमाकांत सिंह यादव ने बताया कि डीसीएम में लदे अन्य पशुओं में से 16 को बचा लिया गया है, मगर इनमें से कई घायल हो गए है। दो पशु तस्करों जिनमें लल्लन पुत्र जहीरुलहसन निवासी लोहरौली बड़ा गांव बरदहवा थाना महराजगंज तराई जिला बलरामपुर और कृष्ण मुरारी पुत्र सुभाष निवासी मड़पौना थाना धनघटा जिला संतकबीरनगर शामिल है को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। इनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इनके साथ तीन अन्य लोग थे, जो मौके से भाग निकले।