बस्ती। कोतवाली क्षेत्र के खौरहवां मुहल्ले में किराए के मकान में रहने वाले 25 वर्षीय छात्र का शव मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। उसका शव कमरे में छत के पंखे की कुंडी से लटकता रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस को उसकी जेब से सुसाइड नोट मिला है। इसमें प्रेम प्रसंग का जिक्र है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र के मटौली गांव का रहने वाला 25 वर्षीय दलबीर पुत्र सूर्यनाथ बस्ती में शिवहर्ष किसान पीजी कालेज में बीएससी तृतीय वर्ष का छात्र था। वह सिविल लाइन चौकी क्षेत्र के खौरहवा मुहल्ले में ब्रह्मानंद के मकान में किराए पर रहता था। मंगलवार की सुबह मकान मालिक उससे किराया मांगने कमरे पर पहुंचे तो काफी आवाज देने के बाद भी दलबीर के कमरे का फाटक नहीं खुला। फाटक अंदर से बंद था।
उन्हे शक हुआ तो उन्होने खिड़की के फाटक पर धक्का दिया तो वह खुल गया। खिड़की खुलने के बाद जो कमरे के अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। कमरे में दलबीर का शव छत से लटक रहा था। उसके गले में प्लास्टिक की रस्सी बंधी थी। उन्होने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे शहर कोतवाल डीके श्रीवास्तव, सिविल लाइन चौकी प्रभारी पंकज पांडेय ने कमरे का फाटक तोड़वाकर शव को नीचे उतारा गया। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने दिवगंत छात्र के जेब से मिला सुसाइड नोट और कमरे से मिला लैपटाप जांच के लिए कब्जे में ले लिया। चौकी प्रभारी पंकज पांडेय ने बताया कि घटना की जानकारी दिवंगत के घर वालों को सुबह ही दे दी गई थी। वह भी आ चुके है, उनसे भी मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है।
छात्र का शव गांव पहुंचा तो मचा कोहराम
पौली। क्षेत्र के मटौली गांव के रहने वाले बलवीर की बस्ती में हुई मौत की खबर से गांव के लोग स्तब्ध रह गए। मंगलवार की शाम जैसे ही शव मटौली गांव पहुंचा ,वैसे ही कोहराम मच गया। गांव के लोगों ने बताया कि बलवीर चार भाईयों में सबसे छोटा था। वह बहुत मिलनसार स्वभाव का था। बस्ती में रह कर बीएससी की पढ़ाई कर रहा था। वैसे आत्मघाती कदम उठाने और मौत का शिकार हो जाने की घटना लोगो के गले नहीं उतर रही थी। लोग आत्म हत्या किए जाने पर सहस विश्वास नहीं कर रहे थे। उसकी मां की पहले मौत हो चुकी है। पिता सूर्यनाथ छोटे बेटे की मौत पर बिलख रहे थे। परिजनों ने शव का अंतिम संसकार कर दिया।