बस्ती। मुंबई से डाक्टर की रिवाल्वर चोरी करने वाले एक व्यक्ति की निशानदेही पर मुंबई पुलिस ने बुधवार को जिले के पैकोलिया थाना क्षेत्र के देवरिया जीतीपुर से रिवाल्वर बरामद कर लिया। अभियुक्त इसी गांव का रहने वाला है।
महाराष्ट्र प्रांत के थाना बीपी मार्ग, जिला गिरनार के रहने वाले डॉ. अशोक कुमार गुप्ता पुत्र योगेंद्र स्वरूप गुप्ता वसुधाय अपार्टमेंट स्थित प्रभा देवी अस्पताल मुंबई में स्किन रोग विशेषज्ञ रूप में तैनात हैं। उनके वहां बस्ती जिले के पैकोलिया थाना क्षेत्र के देवरिया जीतीपुर गांव का रामप्रीत पुत्र मक्खन वर्मा नौकर के रूप में काम करता था। पिछले 12 मार्च को वह डाक्टर की 32 बोर की लाइसेंसी रिवाल्वर चोरी कर घर भाग आया था।
गिरनार जिले की क्राइम ब्रांच की टीम ने उसेे पूना से गिरफ्तार कर इस मामले के विवेचक पीएस शिवकुमार को सौंप दिया। विवेचक अपने हमराही एसआई अरुन राने, सिपाही निर्मल और पीएस पवार के साथ अभियुक्त को लेकर पैकोलिया थाने आए। एसओ सलीमुज्जफर खां के साथ पुलिस टीम ने अभियुक्त की निशानदेही पर जीतीपुर गांव के पूर्व प्रधान पंकज सिंह के घर के बाहर बने शौचालय से रिवाल्वर बरामद कर लिया।