बस्ती। शहर में ताबड़तोड़ चोरियों की घटना के बाद मंगलवार को बाइक सवार बदमाश ने डीएसओ की मोबाइल छीन ली। जिले स्तर के अधिकारी के साथ हुई इस घटना के बाद पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े हो रहे है।
घटनाक्रम के अनुसार मंगलवार की सुबह डीएसओ मार्निंग वाक कर अपने कमरे की ओर लौट रहे थे। सुबह सात से सवा सात बजे के बीच जैसे ही प्रताप चौक और कबीर तिराहे के बीच पहुंचे एक फोन आ गया और वह मोबाइल जेब से निकाल बात करने लगे। इसी बीच अचानक पीछे से बाइक सवार दो युवक पहुंचे। उनमें से पीछे बैठे युवक ने उनकी मोबाइल छीन फरार हो गए।
स घटना से वह भौचक रह गए, उन्हें तो एक बार लगा कि मोबाइल नीचे गिर गया, फिर उन्हे मोबाइल लेकर सामने जाते हुए दोनो युवक जाते दिखाई दिए। डीएसओ पूरन सिंह चौहान के अनुसार उसी बीच उन्होने एक बाइक वाले के साथ उनका आचार्य रामचंद्र शुक्ल तिराहे तक पीछा किया, मगर बाइक सवार दोनो युवक उधर से किधर निकल गए पता नहीं चला। बाद वह डीएम नरेंद्र सिंह पटेल के पास पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। डीएम ने इस मामले में कोतवाली पुलिस को कार्रवाई करने का आदेश दिया है।
शहर कोतवाली डीके श्रीवास्तव ने कहा कि मामले में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। युवकों को ट्रेस किया जा रहा है। एएसपी रोहित मिश्र ने बताया कि सुबह ही इस घटना की जानकारी मिली, मामला गंभीर है। कोतवाली पुलिस को इस मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर इस घटना को अंजाम देने वाले युवकों को गिरफ्तार करने का निर्देश कोतवाल को दिया गया है।