सल्टौआ। ग्राम पंचायत लपसी के प्राथमिक विद्यालय परिसर में प्रधान विश्वनाथ वर्मा की अध्यक्षता में खुली बैठक का आयोजन शनिवार को किया गया। गहमा गहमी के बीच हुई बैठक में पात्र गृहस्थी से छूटे हुए लोग का नाम सूची में शामिल किया गया।
नोडल अधिकारी विकास कुमार के देख रेख में ग्राम पंचायत सेक्रेटरी मायावती त्रिपाठी ने पात्र गृहस्थी की सूची पढ़कर सुनाई। सूची में अपात्रों का नाम शामिल होने पर लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई और उनके स्थान पर पात्रों का नाम जोड़ने की मांग की। ग्राम पंचायत सूरतगढ़ में पूर्व माध्यमिक विद्यालय मनवां में प्रधान सुधीर कुमार त्रिपाठी के अध्यक्षता में बैठक शुरू हुई और ग्राम पंचायत सेक्रेटरी महेंद्र यादव ने जैसी ही पात्र गृहस्थी की सूची पढ़ी।
लोग अपात्रों का नाम सुनकर हंगामा कर सूची से नाम हटाने की मांग करने लगे। अपात्र पाए जाने पर आठ लोगों के नाम हटाए गए। लेखपाल बालकृष्ण उपाध्याय, एसके त्रिपाठी, रक्षाराम, कृष्ण कुमार, हरिओम, दिनेश तिवारी, रामयज्ञ, अशोक, अमरनाथ, रामदीन, राकेश, दीपक, ओमप्रकाश तिवारी, परमात्मा यादव, अमित कुमार आदि रहे।
20 अपात्र मिले, सूची से नाम काटा
कप्तानगंज। ब्लॉक के नयकापार ग्राम पंचायत में शनिवार को हुई खुली बैठक में पात्र गृहस्थी की सूची में 20 अपात्र मिले। बैठक की शुरुआत में अंत्योदय और पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारकों की सूची पढ़कर सुनाई गई। नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त विपणन निरीक्षक देवेंद्र कुमार गुप्त और सेक्रेटरी शीतला यादव ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्ड धारकों के चयन पर विचार हुआ।
बैठक में लोगों को 182 पात्र गृहस्थी और 72 अंत्योदय कार्ड धारकों की सूची पढ़कर सुनाई गई। इसमें 20 ऐसे कार्डधारक मिले जो ट्रैक्टर और जीप के मालिक हैं। ऐसे लोगों का नाम पात्रता की सूची से काट दिया गया। इस मौके पर प्रधान प्रतिनिधि बलराम कनौजिया, भानु प्रताप, कारिया चौधरी, राम दुलारे चौधरी, राम सेवक, राम शंकर तिवारी, जंगदबा तिवारी, बाबूलाल, श्रीराम आदि रहे।