पकड़ा गया अवैध टिकट बेचने वाला।
- फोटो : amar ujala
बस्ती। रेलवे टिकट के अवैध धंधे की परत-दर-परत अब खुलने लगी है। आरपीएफ के हत्थे इस धंधे में लिप्त संतकबीर नगर जिले के बाघनगर का जावेद मंगलवार को चढ़ गया। यह धंधे में कैश ट्रांजेक्शन करता था। आरपीएफ ने उसे बाघनगर स्थित दुकान से दबोचा है।
आरपीएफ के निरीक्षक नरेंद्र यादव ने बस्ती के रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में सात जुलाई को तत्काल टिकटों के अवैध कारोबार का भांडा फोड़ते हुए चार को दबोचा था। इनके पास से भारी मात्रा में मध्य प्रदेश, मुंबई सहित विभिन्न महानगरों के टिकट काउंटर से निकाले गए टिकट बरामद किए थे। इस मामले में अब रेलवे की अपराध शाखा भी उतर गई है। जांच-पड़ताल में उजागर हुए तथ्यों के आधार पर थानाध्यक्ष आरपीएफ नरेंद्र यादव मंगलवार को क्राइम ब्रांच गोरखपुर के मुकेश कुमार सिंह, एसआई शिवशंकर यादव, कांस्टेबल कुंवर विशाल सिंह, कांस्टेबल कुशलपाल सिंह, सुरेंद्र गौतम तथा अजय कुमार के साथ बाघनगर में जावेद अहमद की दुकान पर छापा मारा। यहां से जावेद को धर दबोचा। जावेद टिकट दलाली करने वाले गिरोह का कैश ट्रांजेक्शन दूसरे राज्यों में अपने खाते से करता था। तीन महीने में करीब 35 लाख का भुगतान जावेद ने अपने खाते से टिकट एजेंटों को किया है। आरपीएफ थानाध्यक्ष नरेंद्र यादव ने बताया कि जावेद की गिरफ्तारी से तमाम नए तथ्य क्राइम ब्रांच व आरपीएफ को मिला है। इस गैंग के कई और सदस्य हैं, जो टीम के निशाने पर हैं। इस गैंग के मास्टर माइंड की तलाश की जा रही है। जावेद ने कुछ नाम बताए हैं, जिन पर टीम लगातार नजर जमाए हुए हैं।
कोच अटेंडेंट सहित दो गिरफ्तार
बस्ती। टिकट दलालों की गिरफ्तारी का सिलसिला लगातार जारी है। मंगलवार को आरपीएफ बस्ती, गोंडा व रेलवे की क्राइम ब्रांच के हत्थे खलीलाबाद में कुशीनगर एक्सप्रेस के कोच अटेंडेंट सहित दो चढ़े हैं। इनके पास से भोपाल व झांसी स्थित टिकट काउंटर से लिया गया तीन तत्काल टिकट भी बरामद हुआ है।
सोमवार की देर रात बाघनगर से कैश ट्रांजेक्शन करने वाले युवक की गिरफ्तारी के बाद मंगलवार को भी कार्रवाई का सिलसिला जारी रहा। कुशीनगर एक्सप्रेस से तत्काल टिकट लेकर खलीलाबाद पहुंचे गोंडा जनपद के तरबगंज निवासी रामकेश श्रीवास्तव व इनसे टिकट लेने पहुंचे संतकबीर नगर जनपद के बखिरा निवासी अब्दुल हसन को टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरपीएफ इंसपेक्टर नरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि इन दोनो ने पूछताछ में उन लोगों का नाम बता दिया है जो इस धंधे में लिप्त हैं। टीम संबंधितों की गिरफ्तारी के लिए रवाना हो गई।