हरैया थाना क्षेत्र के तेनुवा गांव के पिकअप सवार लालचंद की सड़क दुर्घटना में मौत होने पर घर पर लगी लोगों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
बस्ती। हर्रैया। थाने के तेनुआ गांव के पास बेकाबू ट्रक की पिकअप में टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप सवार किशोर की घटना स्थल पर ही मौत हो गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। किशोर के शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया गया।
हर्रैया थाने के खरका देवरी निवासी 15 वर्षीय किशोर लालचंद्र पुत्र भगवान दास महराजगंज कस्बे के लक्ष्मी डीजे सिस्टम पर काम करता था। रविवार को एक शादी समारोह में डीजे सिस्टम बजाने के लिए हर्रैया के अमारी बाजार गया था। सोमवार की सुबह साढ़े छह बजे वह पिकप पर डीजे के साथ महराजगंज के लिए वापस आ रहे पिकअप के ऊपर लालचंद्र बैठा था। जैसे ही पिकअप हाइवे के तेनुआ गांव के निकट पहुंचा, तभी पिकअप के सामने एक जानवर आ गया।
उसको बचाने के चक्कर में पिकअप चालक ने ब्रेक ले लिया। इसी बीच पीछे से आ रहे बेकाबू ट्रक से पिकअप की टक्कर हो गई। पिकप पर बैठे लालचंद्र और महराजगंज निवासी 30 वर्षीय पप्पू नीचे गिर गए। ट्रक लालचंद्र को कुचलते हुए आगे निकल गई। मौके पर उसकी मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल पप्पू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं हादसे के बाद पुलिस ने भाग रहे ट्रक को पकड़ लिया। इधर, लालचंद्र की मौत की सूचना पर उसके घर में कोहराम मच गया। एसओ रवींद्र सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया गया है।
छिन गया परिवार का सहारा
महराजगंज। सड़क हादसे में मारे गये किशोर लालचन्द्र की मौत से उसका पूरा परिवार टूट गया है। वह अपने परिवार का कमाऊ सदस्य था उसके पिता भगवान दास की आठ साल पहले रेल र्दुघटना में मौत हो गयी थी। उसके परिवार में माता जामिंत्री देवी और उसका बड़ा भाई लाल जी 22 वर्ष दिल्ली में मजदूरी करता है और उसका छोटा भाई सुजीत 12 वर्ष और बहन अंजू10 वर्ष गांव के ही स्कूल में पढ़ाई करते है।