मुंडेरवा थाने के दसौती गांव में गुरुवार सुबह विवाहिता का शव घर के बरामदे की छत में कुंडी से लटकते मिला। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि महिला ने पति को कमरे में बंद करके बरामदे में रखी डेहरी पर चढ़कर साड़ी के फंदे से झूल गई। मृतका के पिता ने अपने दामाद, उसकी माता-पिता के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के मझौवा खुर्द निवासी रामप्रकाश चौहान की बेटी सावित्री की शादी करीब दो वर्ष पहले दसौती निवासी दारा सिंह पुत्र विष्णु कुमार चौहान के साथ हुई। इनको कोई संतान नहीं है। पुलिस के अनुसार गुरुवार को विष्णु अपनी पत्नी सोना देवी व अन्य लोगों के साथ खेत में धान की रोपाई करने गए थे। घर पर मौजूद सावित्री और दारा के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। नाराज होकर सावित्री ने पति को कमरे में बंद कर दिया और बरामदे में रखी डिहरी के सहारे कुंडी में साड़ी बांध कर फंदे पर झूल गई।
मृतका के पिता रामप्रकाश का आरोप है कि दहेज के लिए उनकी बेटी को आए दिन प्रताड़ित किया जाता था। वे लोग उसकी हत्या करके आत्महत्या करार देने का प्रयास कर रहे हैं। सीओ सिटी/रुधौली एसएन सिंह के अनुसार शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।