बोलेरो की चपेट में आने से महिला की मौत
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज (बस्ती)। अयोध्या जिला अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार को देखने जाते समय बाइक सवार महिला बोलेरो की चपेट में आ गई। हादसे में महिला की मौत हो गई। साथ जा रहे बेटा-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौत की सूचना पर घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
दुबौलिया थाने के पंडुलघाट भरकहवा के सोमन जायसवाल दिल्ली में पेंटिंग का काम करते हैं। उनका परिवार गांव में रहता है। रविवार को अयोध्या जिला अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार को देखने के लिए उनकी पत्नी लक्ष्मी अपने बेटे सुरेंद्र और बेटी पूनम के साथ बाइक से निकलीं। सुबह 11 बजे अयोध्या फ्लाईओवर पर पीछे से पहुंची बोलेरो से बाइक में टक्कर लग गई। इस हादसे में बाइक पर पीछे बैठीं 45 वर्षीय लक्ष्मी सड़क पर गिर पड़ीं। दुर्भाग्य से बोलेरो का पहिया उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस हादसे में बाइक चला रहा 20 वर्षीय बेटा सुरेंद्र और बीच में बैठी बेटी 24 वर्षीय पूनम गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।