फोरलेन पर शहर के बड़ेवन ओवरब्रिज के पास रविवार की सुबह डंपर की चपेट में आकर कार सवार गंभीर रूप से घायल वरिष्ठ अधिवक्ता तीरथ प्रसाद भट्ट की मौत हो गई, जबकि उनके बेटे को भी गंभीर चोट आई है। उन्हें जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
रुधौली स्थित कुसुम्हा कुंवर निवासी तीरथ प्रसाद भट्ट शहर में अपने बेटे अरविन्द के साथ रहते थे। अरविंद भट्ट किसान पीजी कॉलेज छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। रविवार सुबह पिता-पुत्र गांव से लौट रहे थे। बड़ेवन ब्रिज के पास बेकाबू डंपर ने कार को चपेट में ले लिया। इससे कार में सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर देखकर दोनों को लखनऊ रेफर कर दिया गया। जहां अधिवक्ता तीरथ प्रसाद की मौत हो गई, जबकि उनके बेटे अरविंद की हालत गंभीर बनी हुई है।