हर्रैया। किसान समस्याओं को लेकर भाकियू ने बृहस्पतिवार को तहसील परिसर में पंचायत लगाई। आठ सूत्रीय ज्ञापन तहसीलदार को देकर शीघ्र समाधान की मांग की।
जिलाध्यक्ष राम मनोहर चौधरी ने कहा कि बीते वर्षों में किसानों की बदहाली के लिए केंद्र और राज्य की सरकारें जिम्मेदार हैं। भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी योजनाओं का लाभ किसानों के बजाए बिचौलियों को मिल रहा है। अभी तक आपदा राहत का चेक नहीं मिला। सूखे के चलते किसानों का गेहूं उत्पादन प्रभावित हुआ है। गन्ना किसानों का मूल्य बकाया है जो सरकारी संवेदनहीनता को दर्शाता है। पंचायत में तहसील अध्यक्ष जैसराम चौधरी ने भी किसान समस्याएं उठाईं।
पैकोलिया क्षेत्र के गोपालपुर गांव में भाकियू कार्यकर्ता की जमीन दबंगों के कब्जे से खाली कराने, नहरों मेें सिंचाई के लिए पानी छोड़ने व बिना मान्यता के चल रहे प्राइवेट स्कूलों को बंद करने सहित आठ सूत्रीय ज्ञापन तहसीलदार राजेश कुमार वर्मा को देकर समाधान की मांग की। इस मौके पर हरिप्रसाद चौधरी, अभिलाष चंद्र चौधरी, ओम प्रकाश तिवारी, पारस नाथ गुप्ता, पंचम मौर्या, रामचंद्र सिंह, हरिनाथ पांडेय मौजूद रहे।
बीडीओ को आठ सूत्रीय ज्ञापन दियाः सल्टौआ। समस्याओं को लेकर भाकियू के कार्यकर्त्ताओं ने बृहस्पतिवार को ब्लाक परिसर में पंचायत लगाई। बाद में बीडीओ को आठ सूत्रीय ज्ञापन दिया। तहसील अध्यक्ष राम प्रताप चौधरी ने कहा कि ब्लॉक के ग्राम पंचायतों में सफाई कर्मी नहीं जाते। तहसील महासचिव पटेश्वरी प्रसाद श्रीवास्तव ने कहा कि शासन के निर्देश के बाद भी गांवों के तालाबों में पानी नहीं भराया जा रहा है। गर्मी में पशु पक्षी पानी के लिए बेहाल हैं। ब्लाक अध्यक्ष कन्हैया प्रसाद किसान ने कहा कि सल्टौआ ब्लॉक के ग्राम पंचायतों में खुली बैठकें मात्र कागजों में ही सिमट कर रह गई है। राम नयन, चंंद्र प्रकाश चौधरी, हरिराम, रामकेवल पांडेय, विश्राम, विजय वहादुर, पारसनाथ, देवी प्रसाद, कैलाशी, भानमती, धनपता, इसलावती, जगराम आदि मौजूद रहे।