बहादुरपुर ब्लॉक क्षेत्र के सेमरा चींगन गांव निवासी 65 वर्षीय अशर्फी गुप्ता की मनोरमा नदी में डूबने से मौत हो गई। वह शुक्रवार की सुबह ही घर से एक रिश्तेदारी में गए थे। वापसी के दौरान पानी का अंदाजा नहीं लगा सकने से डूब गए। खोजबीन में उनकी लाश बरामद हुई है। सेमरा और हथिया के बीच मनोरमा नदी के बीच पानी कम होने की वजह से लोग नदी में घुसकर पार करते हैं।
शुक्रवार देर शाम तक जब अशर्फी गुप्ता घर नहीं पहुंचे तो परिवार के लोग ढूंढना शुरू कर दिए। घरवालों के मुताबिक नगर थाना क्षेत्र के हथिया गांव में रिश्तेदार के यहां एक कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए निकले थे। शाम को वहां से वापस आ रहे थे। आशंका है कि मनोरमा नदी पार करते समय रात होने के कारण घाट का अंदाजा नहीं लगा सके। इससे नदी में दूसरी जगह उतर गए। लोगों ने आशंका जताई है कि कीचड़ में फंसकर गिरने से डूब गए। इससे उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना पर दिल्ली से उनका बेटा हरीराम भी शनिवार की सुबह घर पहुंचा। उसने पुलिस को बगैर जानकारी दिए अंत्येष्टि कर दी। अशर्फी गुप्ता के एकमात्र पुत्र हरीराम हैं जो दिल्ली में नौकरी करते हैं। बहू और नाती घर पर ही अशर्फी के साथ रहते हैं। घर पर परिवार की देखरेख की जिम्मेदारी निभाने वाले अशर्फी की मौत पर परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।