नगर थाना क्षेत्र के पाल चौराहे पर नकली कीटनाशक पकड़ा गया।
- फोटो : अमर उजाला
बस्ती। शनिवार को जिला कृषि अधिकारी डॉ. सतीशचंद्र पाठक की अगुवाई में नगर बाजार में घर पर छापा मारा। भारी मात्रा में दो कंपनियों के आठ सौ से अधिक रैपर और स्टीकर बरामद हुए हैं।
छापेमारी के दौरान खाली बोरे में 600 शीशी मिली है। 10 लीटर के गैलन में 60 लीटर का केमिकल भी पकड़ा गया। नकली दवाओं के कुछ पैकेट भी बरामद हुए हैं। मौके पर नकली कीटनाशी का कारोबार करने वाले दो लोगों को पुलिस ने पकड़ा। बरामदगी के बाद नगर थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया। कीटनाशी अधिनियम और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की तहरीर जिला कृषि अधिकारी की ओर से दी गई।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि नगर बाजार के एक आवास से नकली कीटनाशी का कारोबार किया जा रहा है। शनिवार को साढ़े 11 बजे जब वह अपनी टीम पुनीत पांडेय कीटनाशी सहायक विनोद कुमार और एसओ नगर थाने के साथ मकान मालिक लालजी गुप्त पुत्र रामकरन के यहां छापा डाला तो वहां से भारी मात्रा में नकली कीटनाशी बरामद हुआ। लालजी के मकान में राम मिलन पुत्र राम आधारी और नीरज मौर्य पुत्र प्रसिद्ध मौर्य किराए पर रह कर कारोबार का संचालन कर रहे थे।
मौके पर राम मिलन ने अपने बयान में बताया कि नीरज मौर्य द्वारा सामग्री लाकर मकान में उतरवाया गया, और इन्हीं के द्वारा ही पैकिंग कराई जाती थी। बताया कि मौके पर से दो कंपनियों के आठ सौ से अधिक रैपर और स्टीकर बरामद हुआ। कुछ दवाओं के पैकेट भी मिले। छापे की कार्रवाई सात घंटे से अधिक समय तक चली।