बस्ती। बस्ती मंडल में घटतौली के खिलाफ दो दिन तक चले अभियान में दो
पेट्रोल पंप, तीन गन्ना क्रय केंद्र और नेपाल बार्डर स्थित धर्मकांटा में
कमियां पाई गईं। पेट्रोल पंप और गन्ना क्रय केंद्रों पर तो बड़े पैमाने पर
घटतौली पकड़ी गई। पेट्रोल पंप से पांच लीटर में 70 मिली लीटर तक की घटतौली
मिली।
जांच टीम ने चालान कर जुर्माना के लिए नियंत्रक को रिपोर्ट भेज दी
है। अभियान में संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर और गोरखपुर के बाट माप निरीक्षक
क्रमश: अशोक कुमार शर्मा, चंद्रप्रकाश पांडेय एवं शमशेष कुमार शाही शामिल
रहे।
सहायक नियंत्रक विधिक माप विज्ञान एलके पांडेय ने बताया कि यह
अभियान खाद्य मंत्री के निर्देश पर दोनों मंडलों में चलाए जा रहे हैं। एक
दूसरे मंडल के निरीक्षकों द्वारा जांच कराई जा रही है। बताया कि जांच में
बड़े पैमाने पर घटतौली का मामला सामने आ रहा है। बताया कि यह अभियान निरंतर
जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि टीम ने बस्ती में रेलवे रोड स्थित
हिंदुस्तान फिलिंग सेंटर की जांच में पांच लीटर में 70 एमएल की घटतौली पाई
गई। अहरा खुर्द मुंडेरवा स्थित रुधौली चीनी मिल के तौल केंद्र पर टेस्ट बाट
नहीं मिला। एनएच के बुद्धाकला स्थित शंकर प्रसाद उग्रसेन पेट्रोल पंप पर
भी पांच लीटर में 40 एमएल की घटतौली मिली। यह पेट्रोल पंप जनपद संतकबीरनगर
में आता है।
इसी जनपद के कांटे चौराहा भुजैनी स्थित बभनान चीनी मिल
का तौल केंद्र की जांच में 31 क्विंटल गन्ने में 20 किलोग्राम की घटतौली
पाई गई। टीम ने इसके बाद सिद्धार्थनगर के नौगढ़ में रुधौली चीनी मिल के तौल
केंद्र छकैया का निरीक्षण किया। यहां पर 32 क्विंटल में 30 किलोग्राम
गन्ने की घटतौली पाई गई। इसी तरह टीम ने नेपाल बार्डर के रानीपुर स्थित
धर्मकांटा की जांच की। यहां पर धर्मकांटा का संचालन बिना विभाग से सत्यापन
कराए हो रहा था। टीम ने धर्मकांटे भी चालान कर दिया।
एलके पांडेय
ने बताया कि जुर्माने लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है, बताया कि अधिकतम
25 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाने का प्रावधान है। बताया कि सभी
कार्रवाई विधिक माप विज्ञान अधिनियम 2009 और उत्तर प्रदेश विधिक माप
विज्ञान नियमावली 2011 के तहत किया गया।