नगर थानाक्षेत्र के पाल नगर के पास बिजली का तार खींचते समय हुए हादसे में पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया,जहां एक की मौत हो गई। नगर कस्बे से कुछ दूर पहले विद्युतीकरण के लिए मजदूर बिजली की नई लाइन बना रहे थे। खंभे गाड़ने के बाद उस पर बृहस्पतिवार को तार चढ़ाया जा रहा था। खंभे के इंसुलेटर में तार फंसाने के बाद जब मजदूरों ने टाइट करना शुरू किया तो वह ऊपर से होकर गुजरी 11 हजार लाइन में छू गया। जिससे पूरे तार में करंट दौड़ गया। जिन पांच मजदूरों ने तार हाथ में पकड़ रखा था, उन्हें तेज झटका लगा और दूर जा गिरे। निकट के खुटहन व बकैनिया आदि गांवों के लोग बाकी सुरक्षित बचे मजदूरों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल ले गए। जहां नगर थाने के तिलकपुर गांव के रहने वाले झिनकू उर्फ लालबहादुर ने दम तोड़ दिया।