हाईवे पर पुरानी बस्ती थानाक्षेत्र के रेलवे ओवरब्रिज के पास डिवाइडर से टकराकर तेज रफ्तार कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चालक की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। पुलिस ने कार की तलाशी में मिले एक लाख 16 हजार रुपये उनके परिवार वालों को सौंप दिया।
खलीलाबाद कोतवाली निवासी दीपक उर्फ दीपू ठेकेदारी करते थे। सोमवार रात वह किसी मांगलिक समारोह में हिस्सा लेने अपनी होंडा सिटी कार से बस्ती आ रहे थे। पुरानी बस्ती क्षेत्र के ओवरब्रिज के पास उनकी कार डिवाइडर से भिड़ गई। प्रभारी निरीक्षक रवींद्र कुमार गौतम ने बताया कि एनएचएआई वालों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस जब कार कब्जे में लेने पहुंची और तलाशी लीतो उसमें 100-100 की 11 गड्डी और कुछ फुटकर मिलाकर एक लाख 16 हजार रुपये मिले। सुबह जब परिवार के लोग व रिश्तेदार पहुंचे तो उन्हें यह रकम सौंप दी गई।