गोरखपुर-लखनऊ हाइवे पर छावनी थानाक्षेत्र के खतम सराय गांव के पास घर के सामने खड़ी कार में आग लग गई। आधी रात के बाद हुई इस घटना में पुलिस ने दो नामजद समेत पांच के विरुद्घ मुकदमा दर्ज किया है। आग लगाने के पीछे पुरानी रंजिश वजह बताई जा रही है।
खतमसराय गांव के राजेश तिवारी का मकान हाइवे के किनारे है। सोमवार रात उनके घर के सामने स्वीफ्ट कार यूपी-45जे-9611 खड़ी थी, जिसमें किसी ने आग लगा दी। जब कार धू धू जलने लगी तो आसपास के लोग जुटे लेकिन तक तक कार का काफी हिस्सा जल गया। राजेश तिवारी ने स्थानीय थाने में पांच के खिलाफ नामजद तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने महेंद्र प्रताप सिंह निवासी रुसैला थाना तरबगंज गोण्डा, सभाजीत सिंह निवासी सिरहरि थाना पूराकलन्दर जिला फैजाबाद व तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। वादी का कहना है कि यह लोग रात 11 बजे उनके घर हथियारों से लैस होकर आए और कार में आग लगा दी। उसके पिता बाहर आकर हल्का मचाने लगे तो आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गये। थानाध्यक्ष छावनी ने बताया कि दो ज्ञात तीन अज्ञात सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है ।