कपड़ा लूट कर भाग रहे बदमाशो को पुलिस ने किया गिरफ्तार।
कपड़े व टुल्लू पंप लूटकर भागते समय पकड़े गए तीनों सगे भाई अब तक आठ जिलों में पच्चीस से ज्यादा लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। एक भाई बोलेरो में बैठा रहता था, बाकी दो भाई दुकान पर जाकर पहले मोलभाव करते थे और गाड़ी में दिखाने के बहाने सामान लेकर बोलेरो में बैठकर भाग लेते थे। जहां मौका मिलता था, लूटपाट भी कर लेते थे। लूटा गया सामान औने पौने कीमत पर बेच देते थे।
बुधवार को एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने प्रेसवार्ता के दौरान तीनों भाईयों की करतूत का खुलासा किया। एसपी के अनुसार बनकटी से कपड़े लूटकर जैसे ही यह भागे कि दुकानदार ने सौ नंबर पर फोन किया। जिसके बाद उनकी घेराबंदी कर दी गई। इसी हड़बड़ी में उन्होंने कलवारी क्षेत्र में जाकर पोखरा होते हुए टांडा की तरफ जाने का प्रयास किया लेकिन कप्तानगंज, कलवारी व नगर थाने की पुलिस ने उन्हें रखिया के पास घेर लिया। गाड़ी में सवार दो भाई मौके से पकड़ लिए गए, मगर तीसरेे को भागते समय एक किमी दूर बरहटा गांव के पास पकड़ा गया। पूछताछ में तीनों ने बताया कि वे अंबेडकरनगर जिले के आलापुर थानाक्षेत्र के रामनगर के रहने वाले हैं । तीनों ने पिता का नाम दुर्गा प्रसाद उपाध्याय और खुद का ब्रजेश, दिनेश व देवेंद्र बताया।
इस मामले में लालगंज थाने में बनकटी कस्बे के फैशन कलेक्शन के प्रोपराईटर गिरिजेश पाल और कोतवाली में अमरजीत की तहरीर पर लूट का केस दर्ज हुआ। एसपी शैलेश कुमार पांडेय का कहना है कि आलापुर थाने से इन तीनों की पुष्टि कराई जा रही है। वहां इनका कोई आपराधिक रिकार्ड नहीं मिला।