विक्रमजोत-टूटी भीटी मार्ग पर स्थित बैरवा पुल के नीचे सोमवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। गले पर काले निशान और जीभ बाहर निकले होनेे से अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई। आशंका यह भी व्यक्त की जा रही है कि वह किसी वाहन का ड्राइवर या खलासी हो, जिसकी हत्या कर उसकी गाड़ी लूट ली गई हो। प्रभारी एसपी रोहित मिश्र का कहना है कि मौके की नवैयत को देख कर ऐसा प्रतीत होता है कि इसे किसी वाहन से लाया गया और सुनसान देखकर फेंक दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कुछ चीजें साफ होंगी। मृतक की उम्र करीब 35-36 वर्ष आंकी जा रही है। उसने नीली रंग की पेंट व मटमैले रंग की शर्ट व जैकेट पहने रखा है। एएसपी ने बताया कि जिले के थानों के साथ ही पड़ोसी जनपदों से भी संपर्क साधा जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।