भानपुर। विकास पर्व अभियान के तहत मंगलवार को भाजपा नेताओं ने जन समस्याओं के निस्तारण की मांग को लेकर तहसील परिसर में धरना दिया। अफसरों पर लूट-खसोट का आरोप लगाया। पुलिस पर आम लोगों का उत्पीड़न करने का आरोप चस्पां किया। आपदा चेक वितरण अविलंब देने की मांग की। धरने की अध्यक्षता बलराम सिंह राहुल ने की।
पूर्व जिलाध्यक्ष यशकांत सिंह ने कहा कि भाजपा केंद्र सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल को विकास पर्व के रूप में मना रही है। प्रधान मंत्री की तमाम जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देश की जनता को देने का प्रयास किया जा रहा है। वरिष्ठ नेता संजय चौधरी ने आपदा राहत का चेक शीघ्र देने की मांग की। कहा कि सपा सरकार में पुलिस बेलगाम हो गई है। किसी न किसी प्रकार से जनता का उत्पीड़न कर रही है।
रुधौली से अठदमा और रुधौली-बखिरा मार्ग मरम्मत के अभाव में जानलेवा हो गया है। सूखे की स्थिति में भी नहरों में पानी नहीं है। चौधरी ने प्रशासन से मांग की कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखकर तत्काल पानी छोड़ा जाए। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के तहत गरीबों में समय से राशन, केरोसिन आदि वितरित किया जाए। भाजयुमो जिलाध्यक्ष सत्येंद्र शुक्ल जिप्पी ने आपदा राहत के चेक का अविलंब वितरण कराने की मांग की। राजू प्रसाद मिश्र, विवेकांद पांडेय, नितेश शर्मा, चंद्रभान गुप्ता ने भी संबोधित किया।
अंत में दस सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम सुरेश चंद्र शर्मा को दिया। ज्ञापन में भाजपा नेताओं ने आपदा राहत के अलावा गन्ना मूल्य भुगतान शीघ्र कराने, सूखे तालाबों में पानी भराने, नहरों में पानी छोड़ने के लिए जेई को निर्देशित करने, राष्टीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम में मानक के विपरीत अधिकारियों की लूट-खसोट बंद कराने, पात्र व्यक्तियों के नाम राशन कार्डों में शामिल करने, 16 घंटे बिजली आपूर्ति आदि मांगें की हैं। इस मौके पर सुरेंद्र सिंह, इंद्रसेन उपाध्याय, राधेश्याम कचेर, लक्ष्मी कान्त,अजय पाण्डेय, राम फेर राम दूलारें चौधरी आदि उपस्थित रहे।