बस्ती। बदमाशों ने मार्बल व्यापारी पर हमला कर 90 हजार रुपये लूट कर फरार
हो गए। मौके पर पहुुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि
व्यापारी के साथ मारपीट हुई है। लूट की बात सही नहीं है। हमलावरों की तलाश
की जा रही है।
रौता चौराहे पर अमरूतहिया मोड़ के पास व्यापारी
प्रदीप अग्रहरि की अग्रहरि इंटरप्राइजेज के नाम से दुकान है। वह मार्बल के
बड़े कारोबारी हैं। प्रदीप के मुताबिक, उन्हें रुपयों की जरूरत थी। इसके
लिए उन्होंने अपनी दुकान पर काम करने वाले किशन को एचडीएफसी बैंक भेजा और
खुद वह आईडीबीआई बैंक की शाखा में रकम लेने चले गए।
दोपहर साढ़े
तीन बजे के आस-पास उनकी दुकान में काम करने वाला किशन 40 हजार रुपये और वह
खुद 50 हजार रुपये निकालकर जैसे ही दुकान पर पहुंचे। तभी पीछे से करीब दस
लोगों ने उन पर और उनके नौकर पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से मारने-पीटने
लगे। उनकी जेब से 50 हजार और किशन से 40 हजार रुपये छीनकर जान से मारने की
धमकी देते हुए फरार हो गए।
व्यापारी पर हमला और लूट की खबर मिलते
ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर कोतवाल सच्चिदानंद, कटरा चौकी
इंचार्ज पंकज पांडेय, रौता चौकी इंचार्ज दलजीत राव पुलिस बल के साथ पहुंचे
और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी। कोतवाल सच्चिदानंद ने बताया कि अभी तहरीर
नहीं मिली है।
मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। यह सही है, जिसने
हमला किया है, वह आपराधिक प्रवृत्ति का है। उसकी पहचान कर ली गई है। उसके
साथ और कौन लोग थे, सकी जानकारी जुटाई जा रही है। मगर लूट की बात सही नहीं
है। बताया कि व्यापारी के साथ मारपीट हुई है।