बननान रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर शुक्रवार को शिक्षक ने ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस के आगे कूदकर जान दे दी। इस घटना के बाद स्टेशन पर अफरातफरी हो गई। मृत शिक्षक की जेब से मिले सुसाइड नोट के अनुसार वह मुकदमे में फंसाए जाने से परेशान थे। जीआरपी ने सुसाइड नोट को सील कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गोंडा जिले के खोड़ारे थाना के बौहान गांव निवासी ओमप्रकाश यादव (45) पुत्र सन्तराम यादव छपिया ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय शुक्लपुरा में सहायक अध्यापक पद पर तैनात थे। शुक्रवार सुबह घर से गोंडा न्यायालय जाने के लिए बभनान स्टेशन पहुंचे थे। किसी ट्रेन से गोंडा जाने की तैयारी में थे तभी सुबह साढ़े सात बजे अप लाइन से गुजर रही ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस के आगे कूद गए।
घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। जेब से जीआरपी मनकापुर ने एक सुसाइड नोट बरामद किया है जिसमें लिखा है कि विद्यालय के एक झूठे मुकदमे में फंसाया गया है। इसी को लेकर परेशान रहते हैं। इसी कारण उन्होंने वह अपनी जीवन लीला समाप्त कर रहे हैं। इस घटना में मेरे परिवार का कोई दोष नहीं है।
खोड़ारे थानाध्यक्ष रमाशंकर यादव ने बताया कि परिवारवालों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है, यदि तहरीर मिलती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं सहायक अध्यापक ओमप्रकाश यादव के परिवार में कोहराम मचा है। उसकी पत्नी चन्द्रावती, बेटा लवकुश, घनश्याम, स्वतन्त्र, बेटी भाग्यलक्ष्मी, रीता, रिंकी व श्रीदेवी का रो-रोकर बुरा हाल है।