दुबौलिया।रामजानकी मार्ग स्थित चिलमा बाजार में शुक्रवार रात करीब सवा नौ बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल युवक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक अपनी बहन के यहां आया था। गौर थाना क्षेत्र के शिवपुर बैरवा गांव निवासी प्रदीप शर्मा (20) पुत्र हेमेंद्र शर्मा अपनी बहन की विदाई के लिए दुबौलिया थाना क्षेत्र के पैकापुरगांव आया था। जहां से शाम करीब चार बजे वह बहन की विदाई कराके दूसरी बहन के घर नरहरपुर पहुंच गया। जहां पर देर रात किसी काम से गांव के दो लोगों के साथ चिलमा बाजार बाइक से बगैर हेलमेट लगाए आया था। इसी दौरान रामजानकी मार्ग पर अज्ञात वाहन की चपेट में बाइक आ गई। इससे प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर कस्बे में मौजूद रामनरायन प्रदीप को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिलमा ले गए। मौके पर किसी चिकित्सक के नहीं मिलने पर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखकर डॉक्टर ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां देर रात करीब एक बजे प्रदीप ने दम तोड़ दिया।