खझौला पुलिस चौके के पास हुए हादसे में क्षतिग्रस्त बाइक।
- फोटो : amar ujala
ओड़वारा। मुंडेरवा थाना क्षेत्र के खझौला पुलिस चौकी के पास फोरलेन पर ट्रेलर ने बाइक चालक को चपेट में ले लिया। घटनास्थल पर ही बाइक चालक की मौत हो गई। पहचान ऑटो पार्ट्स विक्रेता राजू तिवारी के रूप में हुई है।
संतकबीरनगर के तेनुहारी निवासी राजू तिवारी (45) पुत्र बांके तिवारी की फोरलेन पर मुजेहना के पास ऑटो पार्ट्स की दुकान है। रोज की भांति राजू दुकान बंद कर देर रात अपने घर तेनहुहारी लौट रहे थे। अभी वह अपनी बाइक से खझौला चौकी के पेट्रोल पंप के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे ट्रेलर की चपेट में बाइक आ गई। हेलमेट नहीं पहने होने से बाइक चालक के सिर में गंभीर चोट लगी। हादसे की जब तक लोगों को जानकारी होती तब तक राजू तिवारी की मौत हो चुकी थी। राहगीरों की सूूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे की जानकारी परिवार के लोगों को दी। सूचना मिलने पर पहुंचे खझौला चौकी इंचार्ज मनोज सिंह ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है जबकि चालक मौके से भाग निकला। पत्नी शीला और दो पुत्रों सहित परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। परिवार वालों की तरफ से तहरीर मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।