बस्ती। गोंडा जिले के नवाबगंज का निवासी ऐसा हिस्ट्रीशीटर रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह जीआरपी के हत्थे चढ़ गया, जो ट्रेन के एसी और स्लीपर कोच में सफर कर रहे यात्रियों के महंगे मोबाइल चुराता था। उसके कब्जे से चोरी की दो मोबाइल और नकदी बरामद की गई। मुखबिरों के जरिए सूचना मिली कि बुधवार को शातिर हिस्ट्रीशीटर अभिषेक रेलवे स्टेशन पर सक्रिय है। इस इनपुट पर एसओ जीआरपी रामकृष्ण मिश्रा ने टीम लेकर प्लेटफॉर्म नंबर एक पर हुलिया के आधार पर संदिग्ध को दबोच कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से दो मोबाइल बरामद हुआ। जांच में दोनों चोरी की पाई गई। पूछताछ में जानकारी मिली कि उसके खिलाफ फैजाबाद, गोंडा और बाराबंकी जीआरपी थाने में 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।