सल्टौआ। सोनहा थाना क्षेत्र के कोठली गांव में पांच वर्षीय बालक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना शुक्रवार दोपहर की है। घर वालों के मुताबिक शुक्रवार को पांच वर्षीय सराफत पुत्र कुर्बान अली अपने भाई अख्तर अली के साथ गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने गया था। दोपहर करीब दो बजे स्कूल से शौच के लिए बाहर निकला। स्कूल में छुट्टी होने के बाद घर वापस काफी देर तक नहीं आया जबकि अख्तर आ गया। बेटे को नहीं देखकर परिवार के लोग परेशान हो गए। उसकी तलाश करने के लिए निकल पड़े। तलाश के दौरान ही प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित तालाब में सराफत की लाश पानी में उतराई थी। जिसे देखते ही गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे प्राभारी निरीक्षक सोनहा शिवाकांत मिश्र ने ग्रामीणों के मदद से बच्चे का शव बाहर निकलवाया। गांव के लोगों की मौजूदगी में पंचनामा कराकर शव को परिवार वालों को दे दिया। बच्चे की मौत से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।