एंटी सबोटाज टीम ने जांची रेलवे स्टेशन की सुरक्षा
दो घंटे तक चली जांच, नहीं मिला कहीं कोई संदिग्ध
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। दशहरा पर्व के मद्देनजर घटनाओं की आशंका के चलते रविवार को रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर जीआरपी, आरपीएफ व लोकल इंटेलीजेंस ब्यूरो ने बम निरोधक दस्ते के साथ पसीना बहाया। करीब दो घंटे तक चले इस अभियान में पूरी टीम ने स्टेशन परिसर के अलावा संदिग्ध यात्रियों व उनके सामानों की जांच की।
पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के आरपीएफ के मुख्य सुरक्षा आयुक्त राजाराम प्रधान, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ लखनऊ अमित मिश्र, एसपी जीआरपी पुष्पांजलि के अलावा एसपी दिलीप कुमार के निर्देश पर आरपीएफ, जीआरपी, एलआईयू की बम निरोधक टीम ने संयुक्त रूप से दो घंटे तक सघन जांच अभियान चलाया।
टीम ने प्लेटफार्म, बुकिंग कक्ष, प्रतीक्षालय, पार्किंग में मेटल डिटेक्टर और आधुनिक यंत्रों से सघन जांच की। इस दौरान यात्रियों के बैगों की तलाशी ली गई, मगर जांच में कहीं कोई संदिग्ध सामान या व्यक्ति नहीं मिला। इस मौके पर जीआरपी प्रभारी राणा राजेश सिंह, एलआईयू निरीक्षक आलोक सिंह, आरपीएफ इंस्पेक्टर नरेंद्र यादव, उप निरीक्षक अशोक चौहान, सहायक उप निरीक्षक योगेंद्र प्रताप सिंह, कांस्टेबल योगेंद्र यादव, मुन्ना कुमार शाह आदि मौजूद रहे।