प्रतिद्वंद्वी से मारपीट में सांसद समेत 10 नामजद
नगर थाने में उम्मीदवार की तहरीर पर हुआ केस
मतदान के दौरान कटया बूथ पर हुई थी मारपीट
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। लोकसभा उम्मीदवार से मारपीट के आरोप में सांसद हरीश द्विवेदी के विरुद्ध पुलिस ने नगर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया। सोमवार देर शाम नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई।
संसदीय चुनाव में उतरे 11 उम्मीदवारों में से एक पंकज कुमार दुबे सांसद हरीश द्विवेदी के गांव तेलियाजोत (कटया) के निवासी होने की वजह से चर्चा में रहे। रविवार को मतदान केंद्र कटया में विवाद के बाद बवाल टालने के लिए पुलिस पंकज को नगर थाने पर लेकर चली गई। आरोप है कि कटया गांव के बूथ पर मतदान के दौरान सांसद एवं आठ-दस समर्थकों ने उन्हें मारापीटा। एसओ अनिल कुमार का कहना है कि तहरीर के अनुसार मारपीट, बलवा, धमकी और अपशब्दों के प्रयोग पर मुकदमा दर्ज किया गया है। सांसद हरीश द्विवेदी का कहना है कि राजनैतिक हताशा में तहरीर दी गई है। पुलिस की विवेचना में सही-गलत सामने आ जाएगी।
ये हैं आरोप
निर्दल प्रत्याशी पंकज दूबे ने बताया कि रविवार शाम लगभग 4:30 बजे कटया बूथ के बाहर खड़े थे। वहां मौजूद एक पुलिस कर्मी ने कहा कि तुमने सीओ के पास फोन क्यों किया? बातचीत के दौरान ही सांसद दल-बल समेत पहुंचे। सांसद के कहने पर वहां मौजूद पुलिस कर्मी और अन्य लोगों ने मारापीटा। बाद में पुलिस नगर थाने पर ले गई। सांसद के गनर राम करन चौहान ने बताया कि घटना का वीडियो बनाने के शक में कुछ लोगों ने दौड़ा लिया था। दूसरे के घर में घुसकर जान बचा सके।