दुबौलिया में तमंचा सटाकर 78 हजार लूट
पूर्वांचल बैंक की मिनी शाखा संचालक से घटना
विरोध करने पर सिर पर बट से प्रहार कर भागे बदमाश
अमर उजाला ब्यूरो
दुबौलिया। क्षेत्र के माझा अखनपुर के पास घात लगाए बदमाशों ने मिनी बैंक संचालक की कनपटी पर तमंचा सटाकर 78 हजार रुपये लूटकर चंपत हो गए। लूट का विरोध करने पर तमंचे के बट से सिर पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और जगह-जगह चेकिंग कराई गई लेकिन कामयाबी नहीं मिली। दिनदहाड़े हुई घटना को लेकर क्षेत्र में सनसनी है। बड़ी संख्या में ग्रामीण राम जानकी मार्ग पर पहुंच गए। कौतूहलवश राहगीर भी रुकते गए, जिससे काफी देर तक रोड पर भीड़भाड़ रही।
अखनपुर निवासी अजय कुमार पूर्वांचल बैंक के भरौटिया स्थित मिनी बैंक के संचालक हैं। शुक्रवार सुबह करीब 8:00 बजे अजय अपने घर से मिनी ब्रांच जाने के लिए घर से निकले। बमुश्किल आठ सौ मीटर दूर सुनसान एरिया में जैसे ही पहुंचे, पहले से घात लगाकर बैठे बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने तमंचा लहराकर इन्हें रोक लिया। उनमें से एक कनपटी पर असलहा सटाकर रुपयों का बंडल छीनकर चंपत हो गया। बचाव में अजय शोर मचाने लगा तो बदमाशों ने उसके सिर पर बट से तगड़ा प्रहार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। यूपी-100 पर सूचना देने के बाद पुलिस पहुंची और घंटों बदमाशों की तलाश करती रही लेकिन कामयाबी नहीं मिली। सूत्रों के अनुसार पुलिस एक नाविक को पूछताछ के लिए थाने ले आई। एसओ पंकज कुमार सिंह का कहना है कि अभी घटना संदिग्ध लग रही है, लेकिन जांच की जा रही है।
नदी के रास्ते भागने की चर्चा
दिन-दहाड़े 78 हजार की लूट को अंजाम देकर बदमाश घाघरा पार करके भागे। घटना के बाद ग्रामीणों में इस बात की चर्चा काफी तेज रही कि बाइक सवार बदमाश उनियार घाट की तरफ भागे हैं। जहां से नाव के जरिए नदी पार फैजाबाद जिले में पहुंच गए। पुलिस अभी घटना को संदिग्ध मान रही है। लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि उन सबने दो बदमाशों को भागते देखा है।