बस्ती। शहर के डमरूआ मोहल्ले में सोमवार रात चोरों ने सिंचाई विभाग के जूनियर इंजीनियर के घर में लाखों की चोरी की। नशीले स्प्रे से पूरे परिवार को बेहोश करके वारदात को अंजाम दिया। अलग-अलग दो कमरों में रखी आलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे जेवर पर हाथ साफ कर दिया। मंगलवार भोर में करीब चार बजे जेई को होश आया तो घर की दशा देख पैरों तले जमीन सरक गई। परिवार के बाकी सदस्यों को गहरी नींद में देख घबरा गए। काफी प्रयास के बाद पत्नी व बेटे को होश आया। बहू की हालत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
सिंचाई विभाग संतकबीरनगर में तैनात नगर थाने के बकैनिया द्वीप निवासी जूनियर इंजीनियर सतीश चंद्र पांडेय का शहर के कोतवाली क्षेत्र के डमरूआ में मकान है। पत्नी मालती, बेटा अमित और बहू श्वेता डमरुआ वाले मकान में साथ रहते हैं। जेई के अनुसार सोमवार रात भोजन के बाद परिवार के सभी लोग अपने कमरे में सोने गए। रात के समय चोर पीछे के रास्ते अंदर घुस गए। सभी को बेहोश करके सोने के दो हार, तीन चेन, एक मांग टीका, छह अंगूठी, दो मंगलसूत्र, चार कान का झुमका, एक बाली, दो जोड़ी पायर व अन्य जेवर उठा ले गए। कोतवाल विजयेंद्र सिंह के मुताबिक फारेंसिक टीम के चहाथ कुछ साक्ष्य लगे हैं, जिससे उम्मीद है कि जल्द पुलिस चोरों तक पहुंच जाएगी।