रुपये हड़पने पर हुई राधेश्याम की हत्या
बस्ती।
बांसापार के राधेश्याम शुक्ल की हत्या एक लाख रुपये हड़पने की वजह से की गई। जमीन दिलाने के लिए उसने अपने जिगरी दोस्त से यह रुपये लिया था। काफी दिन बीतने के बावजूद वह न तो जमीन दिला पाए और न ही रुपये वापस किया। इसी वजह से तीन लोगों ने मिलकर मौत के घाट उतार दिया। मुंडेरवा और वाल्टरगंज पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन में गौर क्षेत्र के आमा निवासी कृष्ण कुमार चौधरी, वाल्टरगंज के निबिया निवासी जुगेश और मिश्रौलिया निवासी मुकेश को गिरफ्तार किया है। बृहस्पतिवार को एसपी संकल्प शर्मा ने 15 सितंबर को हुई हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए बताया कि मुख्य अभियुक्त कृष्ण कुमार की राधेश्याम शुक्ल से एक शराब ठेके पर भेंट हुई। इसके बाद दोनों में काफी घनिष्ठता हो गई। राधेश्याम ने उसे झांसा दिया कि वह जमीन खरीदने-बेचने का काम करता है। कृष्ण कुमार उसकी बात में आकर एक लाख रुपये किसी भूखंड के लिए दे दिया। मगर राधेश्याम ने न तो रुपये दिया न ही जमीन मिली। रुपये लौटाने में ज्यादा आनाकानी करने लगे तो राधेश्याम को मौत के घाट उतार दिया गया।
50 हजार में हत्या की सुपारी
कृष्ण कुमार ने 50 हजार रुपये में पहले ही जुगेश को राधेश्याम की हत्या का ठेका दिया था। योजना के अनुसार कृष्ण कुमार ने उसे खूब शराब पिलाकर धुत कर दिया। इसके बाद क्रॉसिंग पर ले जाकर दोनों ने गला दबाने का प्रयास किया। मगर राधेश्याम उन पर भारी पड़ गया। बकौल एसपी तब इन लोगों ने बाइक का साइड मिरर फोड़कर कांच से उसका गला रेता और रॉड पेट में घुसा दिया।
कॉकटेल के चलते बेसुध थे राधेश्याम
राधेश्याम को लेकर तीनों फोरलेन पर स्थित एक ढाबे पर पहुंचे। वहां पहले अंग्रेजी फिर देशी और अंत में बियर भी गटक लिया। इस कॉकटेल की वजह से राधेश्याम बेसुध हो गया था। खुद से बाइक चलाने तक की उसमें क्षमता नहीं बची थी। इनमें से दो लोग बाइक पर बैठाकर उसे कुर्थिया ले गए। जहां हत्या कर दी।
इनको मिली शबाशी
ब्लाइंड मर्डर का हफ्ते भर के अंदर पर्दाफाश कर तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार करने वाली टीम को एसपी संकल्प शर्मा ने पुरस्कार देने का एलान किया है। सीओ रुधौली चन्द्रकेश सिंह के नेतृत्व में एसओ मुंडेरवा सुधीर कुमार सिंह, एसओ वाल्टरगंज संजय शुक्ला और प्रभारी साइबर सेल पंकज पांडेय, एसआई शिवाजी मिश्र, कांस्टेबल अभिषेक गिरी, संजय चौधरी, ऋषि कपूर, सतीश कुमार, दीपक कुमार यादव को नकद पुरस्कार करनेे का एलान किया है।