बस्ती। रुधौली थाना क्षेत्र के भुसुड़ी गांव के सिवान से मझौआकला हनुमानगंज के बीच शनिवार को लगी आग के बाद तात्कालिक सहायता नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों की ओर से फायर बिग्रेड और तहसीलदार की गाड़ी, उनके चालकों, तहसीलदार, अग्निशमन कर्मियों तथा पुलिस कर्मियों पर पथराव भारी पड़ गया। इस मामले में पुलिस ने एसआई मोतीलाल की तहरीर पर 13 नामजद सहित 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
शनिवार की दोपहर में आग की विभीषिका देख ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया था। उन्होंने समय से सहायता न मिलने पर तहसीलदार के साथ ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी पर पथराव कर अपना विरोध दर्ज कराया था। शाम चार बजे के बाद गुस्साए ग्रामीण पीएसी के आने की सूचना के बाद मौके से भागे। इस मामले में पुलिस ने अभय प्रताप सिंह पुत्र प्रेमशंकर, शुभम पुत्र राजेंद्र सिहं, गणेश पुत्र सुरेंद्र सिहं, रोजगार सेवक गोपाल चौधरी, धर्मराज पुत्र शमसेर सिंह, विपिन पुत्र लाल जी सिंह, लालजी पुत्र जोकर सिंह, सिंटू पुत्र खदेरू सिंह, लल्लू पुत्र हरिहर प्रसाद, पप्पू पुत्र रमाकांत मिश्र, पिंटू यादव पुत्र लालमोहन, रामजीत पुत्र रामदास एवं अर्जुन पुत्र पाटन सहित 150 अज्ञात लोगों के विरुद्ध आईपीसी की विभिन्न धाराओं के साथ ही सेवन क्रिमनल ला अमेंडमेंट एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।