वाल्टरगंज (बस्ती)। सल्टौआ विकास खंड के ग्राम पंचायत बंजरिया के डुमरी गांव मे बुधवार की रात बारिश के चलते खपरैल का पुराना मकान ढह गया। मकान में रह रहे एक परिवार के चार लोग घायल हो गए। शोरगुज सुनकर जुटे ग्रामीणों ने मकान के मलवे में दबे बच्चों को बाहर निकाला। घायलों को पीएचसी में दाखिल कराया गया है।
उक्त गांव निवासी श्रीनिवास के पुराने खपरैल का मकान है। चार लोगों का परिवार जब रात को सो रहा था कि अचानक मकान का एक हिस्सा गिर गया, जिससे श्रीनिवास की नींद टूट गई वे अपने पत्नी सुभावती को भी जगा दिया, मगर तब तक मकान की खपरैल छत ढह गई, जिससे इसके मलवे के नीचे घर में सो रहे दस वर्षीय पुत्री साधन व छह वर्षीय बृजेश दब गए। बच्चों की जान आफत में देख श्रीनिवास व उनकी पत्नी सुभावती चिल्लाने लगे। शोरगुल सुनकर आसपास के ग्रामीण एकत्रित हो गए और मलवे में दबे बच्चों को बाहर निकाला।
एसडीएम भानपुर दिनेश कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच कर पीड़ित को हर संभव मदद दी जाएगी।
लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार भारी बारिश के चलते बुधवार की रात दो बजे हथियांव कला गांव के पास लालगंज कुदरहा मार्ग पर आम का पुराना पेड़ गिर गया। इसके चलते इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन ठप हो गया। इस घटना में हथियांव गांव निवासी हनुमान की कार पेड़ के चपेट मे आ गई, जिससे वे क्षतिग्रस्त हो गई। आवागमन बाधित होने से राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बाद में वन विभाग ने पेड़ को काट कर मार्ग पर आवागमन व्यवस्थित किया।