बस्ती। दहेज में जमीन न मिलने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने का मामला प्रकाश में आया है। पुरानी बस्ती थाने की पुलिस ने आरोपी ससुरालियों के विरुद्ध केस दर्ज किया है। दहेज उत्पीड़न के एक अन्य मामले में दुबौलिया पुलिस ने भी एफआईआर दर्ज की है।
सोनहा थानाक्षेत्र निवासी पीड़िता ने पुरानी बस्ती थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी पुरानी बस्ती के पठान टोला में हुई है। ससुराल के लोगों ने दहेज में दो बीघा जमीन पति के नाम लिखवाने की मांग की। आरोप है कि जमीन न मिलने पर पति व अन्य ससुरालियों ने मानसिक उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। देवर ने अपशब्द कहते हुए मारपीट कर धमकाया।
थानाध्यक्ष योगेश सिंह ने बताया कि पीड़िता के पति शिवम यादव के अलावा सास बसंती देवी, ननद शीला, ममता, सपना, देवर शिवा समेत आठ लोगों के खिलाफ केस पंजीकृत कर लिया गया है।
उधर, दुबौलिया थाने में तहरीर देकर एक महिला ने आरोप लगाया कि इसी थाने के पूरेओरी राय स्थित ससुराल में दहेज की मांग की गई। मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित किया गया। अपशब्द कहते हुए मारापीटा और जान से मारने की धमकी दी गई। थाना प्रभारी विनय कुमार पाठक ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति विनोद कुमार, सास चिंता देवी, ननद संगीता, देवर संतोष, जेठ दिलीप व विनोद के खिलाफ केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी गई है।