परशुरामपुर, बस्ती। परशुरामपुर क्षेत्र के जियनापुर के पास बाइक सवार बदमाशों ने श्रृंगीनारी बाजार के ग्राहक सेवा केंद्र संचालक को तमंचा सटाकर डिकी में रखे 12 हजार रुपये और मोबाइल छीन लिया। जाते-जाते बदमाशों ने धमकी दी कि किसी से बताया तो गोली मार दूंगा। मंगलवार सुबह पीड़ित ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
जगन्नाथपुर निवासी शीतला प्रसाद यादव पुत्र लालता प्रसाद ने श्रृंगीनारी बाजार में ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। पैसों के लेनदेन के अलावा वह फोटो काॅपी करने तथा मोबाइल, कवर, बैट्री व अन्य पुर्जे बेचने का काम भी करते हैं। सोमवार की रात करीब 7:30 बजे वह ग्राहक सेवा केंद्र में ताला लगाकर बाइक से घर के लिए निकले। शीतला प्रसाद के अनुसार उस समय मौजूद 12 हजार रुपये और मोबाइल पॉलिथीन में लपेटकर बाइक की डिकी में रख दिए। इसके बाद बाइक से अपने घर जगन्नाथपुर के लिए निकले। रास्ते में जियनापुर गांव के पास सामने बाइक लेकर खड़े दो लोगों ने उनको रोक लिया।
बाइक रोकने पर एक ने शीतला प्रसाद की बाइक की चाभी निकाल ली और उनकी कनपटी पर तमंचा लगा दिया। उसने डिक्की खोलकर उसमें रखे रुपये और मोबाइल निकाल लिए। दूसरे ने गाली देते हुए कहा कि चुपचाप निकल जाओ वरना गोली मार दूंगा। इसके बाद दोनों बदमाश श्रंगीनारी की तरफ भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद शीतला प्रसाद ने 112 नंबर डायल किया। पुलिस के पहुंचने पर पूरी वारदात की जानकारी दी। पुलिस ने रात में मामले को हल्के में लिया। सीएचसी संचालक ने मंगलवार को थाने पहुंचकर इस बाबत तहरीर भी दी। परशुरामपुर एसएचओ रामेश्वर यादव ने बताया कि छानबीन की जा रही है।