बस्ती। सब्जी लेने के लिए निकली गौर थानाक्षेत्र में किशोरी के साथ दरिंदगी व हत्या के मामले की तफ्तीश पूरी कर ली गई है। विवेचक ने नाबालिग समेत तीनों आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया है। हालांकि आरोप पत्र के ब्योरे के संबंध में विवेचक ने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। इस मामले में मृतका की मां ने एक नाबालिग के अलावा कुंदन सिंह व राजन निषाद के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
पांच जून को गौर थानाक्षेत्र के बिरऊपुर के कुंदन सिंह के मकान में 14 वर्षीया किशोरी के साथ तीन आरोपियों ने दरिंदगी की। इस दौरान उसे अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। जिसके कारण हालत बिगड़ती गई। घबराहट में आरोपियों ने इधर-उधर से दवा का प्रबंध करके स्थिति संभालने की कोशिश की लेकिन कुछ देर बाद ही किशोरी ने दम तोड़ दिया था। इसके बाद उसके शव काे आरोपी घसीटकर सड़क के किनारे ले जाकर फेंक कर चले गए। उनमें से एक नाबालिग आरोपी ने ही किशोरी के घर फोन करके बताया कि उसके परिवार की लड़की का सड़क के किनारे शव पड़ा हुआ है। बाद में परिवार वालों की तहरीर पर पुलिस ने पहले हत्या का केस दर्ज किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो की धारा बढ़ाई गई।