बस्ती। दुबौलिया थाना क्षेत्र में स्थित एक इंटर कॉलेज में 11वीं कक्षा के छात्र ने न्यायपीठ बाल कल्याण समिति के समक्ष शिकायत की है। छात्र ने विद्यालय के अध्यापकों पर मारपीट और जाति सूचक गालियां देकर कक्षा से बाहर भगाने का आरोप लगाया है।
सीडब्ल्यूसी चेयरपर्सन प्रेरक मिश्रा ने डीआईओएस को मामले की जांच का निर्देश देते हुए प्रधानाचार्य को भी पीठ के समक्ष उपस्थित होने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में नाबालिग के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि विद्यालय के एक छात्र ने न्यायपीठ के समक्ष उपस्थिति होकर प्रार्थनापत्र दिया और बताया कि शाम की छुट्टी के समय कुछ छात्र शोर मचा रहे थे। अध्यापकों ने यह समझ लिया कि उसके द्वारा शोर मचाया जा रहा है। इसी बात को लेकर उसकी पिटाई कर दी। जब छात्र ने इसका विरोध किया तो जाति सूचक शब्दाें का प्रयोग करते हुए अध्यापक ने उसे स्थानांतरण पत्र पकड़ा दिया। मामले की सुनवाई न्यायपीठ के अध्यक्ष प्रेरक मिश्रा, सदस्य अजय श्रीवास्तव, मंजू त्रिपाठी, डाॅ. संतोष श्रीवास्तव ने की।