संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज (बस्ती)। अपने ही सहकर्मी पर चोरी का आरोप लगाकर दुकानदार ने उसे जमकर पिटाई कर दिया।जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि दुकानदार ने पीटने के बाद उसे कमरे में कई घण्टे तक बंद रखा। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद सक्रिय हुई पुलिस घायल किशोर को इलाज के लिए ले गई। पुलिस ने दुकानदार को हिरासत में लिया है। दुकानदार ने भी पुलिस को शिकायत की है।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गढ़हा गौतम गांव के विवेक प्रताप सिंह गांव में किराने की दुकान चलाते है। जहां दुबौलिया थाना क्षेत्र के उभाई गांव का रहने वाला 14 वर्षीय आदर्श उपाध्याय कई महीनों से काम करता था।ग्रामीणों के मुताबिक शनिवार रात 8:30 बजे आदर्श उपाध्याय पर दुकान से 15 हजार रुपये चोरी करने का आरोप लगाकर दुकानदार और गांव के लोगों ने जमकर पिटाई कर दिया। सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद आनन फानन पुलिस घायल किशोर को दुकानदार के साथ लेकर अस्पताल पहुंची और किशोर के परिजनों को सूचना दिया। कप्तानगंज के प्रभारी एसओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना रविवार को दोपहर में लगी थी तब पुलिस गई थी। किशोर का इलाज कराया जा रहा है। मामले में दुकानदार ने भी चोरी की तहरीर दी है।