छावनी थाने के राम जानकी मार्ग पर रूपगढ़ के पास हुई दुर्घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती/छावनी। राम जानकी मार्ग पर छावनी थाना क्षेत्र के रूपगढ़ के पास बाइक से जा रहे चचेरे भाई ट्रेलर की चपेट में आ गए। जिनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर हालत में दूसरे को सीएचसी विक्रमजोत ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल अयोध्या रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार छावनी थाना क्षेत्र के अमोढ़ा सोनहवा निवासी 30 वर्षीय राजू पुत्र समयदीन चचेरे भाई 22 वर्षीय सोनू पुत्र स्वामीनाथ के साथ किसी काम से विशेषरगंज गया था। लौटते समय रूपगढ़ के पास बेकाबू ट्रेलर ने बाइक में टक्कर मार दिया। जिससे बाइक चला रहे सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि राजू गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे छावनी थानाध्यक्ष नारायण लाल श्रीवास्तव ने घायल राजू को एंबुलेंस से विक्रमजोत सीएचसी भेजा। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल अयोध्या रेफर कर दिया। इधर, सूचना पाकर सोनू के घर व गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। उनका रो रोकर बुरा हाल हो गया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रेलर चालक को पुलिस ने गाड़ी लेकर भागते समय पकड़ लिया।
-
एक महीने पहले ही खरीदा था बाइक
हादसे में जान गंवाने वाला सोनू पांच भाइयों में चौथे नंबर का था। अभी दो महीने पहले दिल्ली से आया था। वहां एक कंपनी में मजदूरी करता था। पिछले महीने ही उसने नई बाइक खरीदी थी। उसकी मां अनारकली व परिवार के अन्य लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।