मजदूर बुलाने के नाम पर रुपये हड़पने का आरोप
एसओजी, सर्विलांस टीम की मदद से गौर पुलिस ने पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। ईंट भट्ठे पर काम करने के लिए झारखंड से मजदूरों को बुलाने के नाम पर रुपये लेकर हड़प लेने के एक मामले में फरार 25-25 हजार रुपये के इनामी दंपती को गौर थाने की पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। 2021 में एक ईंट भट्ठा मालिक से दोनों ने 87 हजार रुपये लेकर हड़प लिए थे। एसओजी व सर्विलांस सेल की मदद से गौर पुलिस ने बभनान तिराहे से हाईवे जाने वाले मोड़ से दोनों को पकड़ा। गिरफ्तार करने वाली टीम को एसपी ने 15 हजार रुपये पुरस्कार दिया।
एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि हर्रैया थाना क्षेत्र में भट्ठा मालिक अजय कुमार ने हर्रैया थाने में केस दर्ज कराया था। आरोप है कि गौर थाना क्षेत्र के छितहा निवासी सुभावन यादव और उसकी पत्नी सुमन ने मजदूर लाने के लिए उनसे रुपये लिए। मगर, मजदूर लाने की जगह रुपये हड़प लिए। दोनों पर केस दर्ज कर पुलिस तलाश कर रही थी। 2022 में न्यायालय के आदेश की अवहेलना के आरोप में भी पुलिस ने दोनों पर केस दर्ज किया था।
इसके बावजूद दोनों फरार रहे। दोनों पर एसपी बस्ती की तरफ से 25-25 हजार रुपये इनाम घोषित किया गया था। इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत थाना गौर पुलिस, एसओजी व सर्विलांस सेल की टीम को टास्क दी गई। बृहस्पतिवार की सुबह 6:10 बजे कस्बा बभनान तिराहा से लखनऊ हाईवे पर जाने वाले मोड़ से एसएचओ राज कुमार राजभर, एसओजी प्रभारी जनार्दन प्रसाद, सर्विलांस प्रभारी शशिकांत ने अपनी टीम के साथ दोनों को गिरफ्तार कर लिया।