अटल प्रेक्षागृह में मतगणना कर्मी को संबोधित करतीं डीएम प्रियंका निरंजन।
बस्ती। नगर निकाय चुनाव में मतों की गिनती 13 मई को सुबह 8 बजे से शुरू हो जाएगी। इसकी तैयारी लगभग पूरी कर ली गई हैं। हर्रैया, रुधौली एवं बस्ती समेत तीन जगहों पर दस निकायों की मतगणना कराई जाएगी। मतगणना कार्य में लगाए गए सभी अधिकारी-कर्मचारी को सुबह 7 बजे संबंधित मतगणना स्थल पर पहुंचना अनिवार्य किया गया है। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका निंरजन ने कहा है कि मतगणना कार्मिक सबसे पहले ड्यूटी प्राप्त कर निर्धारित टेबल पर समय से स्थान ग्रहण करेंगे। वह सोमवार को अटल प्रेक्षागृह में आयोजित मतगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। कहा कि अध्यक्ष एवं सदस्य पदों के मतगणना के लिए प्रत्येक मतगणना स्थल पर दो-दो टेबल लगाए जाएंगे। प्रत्येक टेबल पर मतगणना चार्ट उपलब्ध कराया जाएगा। मतगणना सुपरवाइजर चार्ट के अनुसार मतपेटिका का पहले सत्यापन करेंगे तब उसे एजेंट की मौजूदगी में खोलेंगे। यह सावधानी बरती जाए कि किसी दूसरे टेबल की मतपेटिका न खुल जाए। सभी मतपत्र निकालने के बाद खाली मतपेटिका एजेंट को दिखाई जाएगी। अध्यक्ष एवं सदस्यों के मतपत्रों को उल्टा रखते हुए 50-50 की गड्डी बनाई जाएगी। इसके बाद प्रत्याशीवार मतों की 50-50 का बंडल बनाया जाएगा। फिर मतगणना शुरू होगी। निर्देश दिया कि वैध-अवैध मतों की छटाई सावधानीपूर्वक करें। वैध-अवैध मतों पर अंतिम निर्णय रिटर्निंग अफसर करेंगे। कहा कि प्रत्याशी के सामने एक से अधिक बार अंकित चिह्न पाए जाने पर उसे रद्द नहीं किया जाएगा। मतदाता द्वारा मतपत्र को हाथ में लेते समय असावधानी के कारण उसके अगूंठे का निशान लग जाता है, तो मतपत्र रद्द नही किया जाएगा। सीडीओ/प्रभारी कार्मिक अधिकारी डा. राजेश कुमार प्रजापति ने बताया कि सावधानीपूर्वक यदि गणना होगी तो दोबारा उसकी आवश्यकता नहीं पड़ेगी। गणना के पश्चात एजेंट का हस्ताक्षर अवश्य प्राप्त करें।
770 मतगणना कार्मिकों को दिया गया प्रशिक्षण
जिला विकास अधिकारी अजीत श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों पाली में कुल 155 मतगणना टीम के 770 कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया है। मतगणना के लिए प्रत्येक टेबल पर एक सुपरवाइजर, 3 सहायक तथा एक अतिरिक्त सहायक तैनात किए गए हैं। जिला प्रशिक्षण अधिकारी डा. विजय प्रताप यादव ने बताया कि सबसे पहले रिटर्निंग अफसर द्वारा सभी पदों हेतु प्राप्त डाक मतपत्रों की गणना कराई जाएगी। रिटर्निंग अफसर प्रत्येक अस्वीकार मतपत्र पर कारण भी दर्शाएंगे। परिणाम की घोषणा संबंधित रिटर्निंग अफसर ही करेंगे। मतगणना के बाद मतपत्रों एवं अन्य अभिलेखों को सील भी किया जाएगा।
-
प्रेक्षक ने किया बूथों का भ्रमण
राज्य निर्वाचन आयोग से नियुक्त प्रेक्षक संतोष कुमार ने नगरपंचायत हर्रैया, कप्तानगंज, एवं बभनान के बूथों का भ्रमण किया। उन्होंने हर्रैया के मतगणना स्थल नेशनल इंटर कालेज का निरीक्षण किया। जहां स्ट्रांग रूम भी बनाया गया है। उन्होंने सभी आरओ द्वारा की जा रही मतपत्रों की पैकेटिंग की जांच की। इस मौके पर एसडीएम हर्रैया गुलाब चंद्र मौजूद रहे।