बस्ती। बैंक खाते से आधार सीड न करने वाले प्रधानमंत्री उज्जवला गैस योजना के अंतर्गत लाभार्थी को सितंबर, अक्तूबर एवं नवंबर में मिलने वाला निशुल्क गैस सिलिंडर नहीं मिल सकेगा। यह निर्देश डीएम प्रियंका निरंजन ने दिए हैं।
वह कलक्ट्रेट सभागार में बैठक कर रही थीं। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत आने वाले लाभार्थी बैंक जाकर अपना खाता आधार से जुड़वाएं। बताया कि जनपद में 220383 उज्ज्वला गैस योजना के कनेक्शन धारी हैं, जिसमें से केवल 19762 लाभार्थी का बैंक खाता आधार से जुड़ा नहीं है। उन्होंने इसके लिए सभी कोटेदार, आपूर्ति निरीक्षक को निर्देशित किया है कि वह ऐसे लाभार्थियों को बैंक ले जाकर खाता आधार से जुड़वाएं। लीड बैंक मैनेजर को भी निर्देशित किया है कि लाभार्थी के बैंक पहुंचने पर प्राथमिकता पर बैंक कर्मी यह कार्य सुनिश्चित कराएं। गैस एजेंसी के मालिकों से भी अपील किया कि ऐसे लाभार्थियों को चिन्हित करके उसकी सूची जिला पूर्ति कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
संचालन करते हुए डीएसओ सत्यवीर सिंह ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर अवशेष लाभार्थियों का बैंक खाता आधार सीड कराया जाना है। प्रतिदिन की रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है। इस मौके पर सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, लीड बैंक मैनेजर पीएन मौर्या, गैस कंपनी के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर प्रवीण कुमार , नवीन कुमार आदि मौजूद रहे।