शास्त्री चौक मिड डे मील रसोइया यूनियन के राज्य स्तरीय सम्मेलन मे उपस्थित महिलाएं।
- फोटो : BASTI
न्यूनतम वेतन की मांग के लिए सांसद, विधायकों को घेरेंगी रसोइया
बस्ती। सीटू की राष्ट्रीय सचिव व माकपा की केंद्रीय कमेटी की सदस्य एआर सिंधु ने कहा कि मध्याह्न रसोइया संवर्ग न्यूनतम वेतन, तात्कालिक तौर पर मानदेय बढ़ोतरी, मानदेय का समय से भुगतान के लिए संगठित हो रहा है। शीघ्र ही राज्य कमेटी की ओर से तिथि तय कर प्रदेश भर में विधायकों व सांसदों का घेराव कर रसोईया अपनी मांग रखेंगी।
एआर सिंधु सोमवार को शास्त्री चौक पर मिड-डे-मील रसोइया कर्मचारी यूनियन की मांगों के समर्थन में आयोजित सभा को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रही थीं।
यूनियन की निवर्तमान राज्य अध्यक्ष डॉ. वीना गुप्ता ने कहा कि मिड-डे मील योजना के निजीकरण करने के लिए सरकार पर पूंजीपति दवाब बना रहे हैं। बच्चों को कुपोषण से मुक्त करने के लिए ताजा पका भोजन देने की सिफारिश विशेषज्ञों ने की थी। प्रदेश व देश की सरकार की नीतियों की वजह से महंगाई बहुत बढ़ी है, जबकि मानदेय में बढ़ोतरी न के बराबर है।
रसोइयों को अपना हक लेने के लिए संगठन को मजबूत करना होगा। सरकारों से अपना हक मांगना होगा। नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष कामरेड केके तिवारी ने तत्काल बढ़े हुए दर से भुगतान करने की मांग की। सभा को इटावा के अमर सिंह शाक्य, चंदौली के राम प्यारे, सिद्धार्थनगर के विजय नाथ तिवारी, संतकबीरनगर के ध्रुव चंद ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता विजयनाथ तिवारी व ध्रुव चंद ने संयुक्त रूप से किया। सभा के समापन की घोषणा संगठन की राज्य सचिव उर्मिला चौधरी ने की।