बस्ती। इस बार जुलाई से शुरू होने वाले पौधरोपण अभियान के लिए डीएफओ कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। इसमें तैनात कर्मचारी व अधिकारी पौधरोपण अभियान की निगरानी करेंगे और रिपोर्ट शासन स्तर पर बने कंट्रोल रूम को देंगे।
डीएफओ जेपी सिंह ने बताया कंट्रोल रूम में सभी विभागों की रिपोर्ट संकलित की जाएगी। प्रधान सहायक आशा देवी को कंट्रोल रूम प्रभारी बनाया गया है। इन्हें ग्राम्य विकास, उद्योग, नगर विकास व आवास विकास विभाग के पौधरोपण की निगरानी का जिम्मा भी सौंपी गई है। इनके अलावा कार्यालय सहायक जगनारायण त्रिपाठी को कंट्रोल रूम के अलावा कृषि, पशुपालन व सहकारिता विभाग की रिपोर्ट संकलित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बताया कि कंट्रोल रूम में तैनात कार्यालय सहायक संध्या पांडेय को विद्युत व जलशक्ति विभाग, कनिष्ठ सहायक आनंद सुभान श्रीवास्तव को प्राविधिक, बेसिक, उच्च व माध्यमिक शिक्षा, वन दरोगा शिवकुमार को पीडब्ल्यूडी, रेशम व पर्यावरण विभाग, वन दरोगा प्रियंका सिंह को श्रम, स्वास्थ्य व परिवहन विभाग, क्लर्क व कंप्यूटर ऑपरेटर निखिल गुप्ता को उद्यान व पुलिस विभाग के पौधरोपण की सूचना संकलित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीएफओ ने बताया कि कंट्रोल रूम के सभी कर्मचारी प्रत्येक दिन की सूचना प्राप्त कर कंट्रोल रूम प्रभारी संध्या पांडेय को उपलब्ध कराएंगे। उसके बाद कंट्रोल रूम प्रभारी संध्या पांडेय कंप्यूटर ऑपरेटर निखिल गुप्ता के जरिए पीएमएस पर पूरी रिपोर्ट अपलोड करवाएंगी और सूचनाओं का संकलन कर निर्धारित प्रपत्र में मुझे उपलब्ध कराएंगी।