- ट्रांसफार्मर के पास कूड़ा फेंकने पर रोक नहीं लगा पाई नगर पालिका
- कूड़े में आग के कारण चार ट्रांसफार्मर हो चुके हैं खराब
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर में करीब दर्जनभर ट्रांसफाॅर्मर के पास कूड़ा फेंका जाता है। स्पार्किंग होने पर इसमें आग लग जाती है और विद्युत निगम को नुकसान उठाना पड़ता है। निगम अधिकारियों का कहना है कि कई बार नगर पालिका को पत्र लिखकर कूड़ा फेंकने की समस्या का निस्तारण कराने को कहा गया, लेकिन स्थिति यथावत बनी हुई है। ऐसे में निगम के संविदाकर्मियों की मदद से रोज कूड़ा हटवाया जा रहा है।
गर्मी में बिजली तारों व ट्रांसफाॅर्मर से स्पार्किंग होना सामान्य माना जाता है, लेकिन यह स्पार्किंग आग लगने का कारण बन रही है। दरअसल, शहरवासी ट्रांसफाॅर्मर के पास कूड़ा फेंकते हैं। कूड़े की पन्नियों पर चिंगारी गिरने पर वह आग का कारण बन जा रहा है। निगम के अनुसार, आवास विकास, कटरा, मूड़घाट, ब्लॉक रोड, मालवीय रोड, रौता चौराहा, कटेश्वर पार्क, गांधीनगर, कंपनी बाग, विकास भवन आदि जगहों पर ट्रांसफाॅर्मर के पास कूड़ा फेंका जाता है।
इससे कटेश्वर पार्क, कंपनीबाग, आवास विकास, कटेश्वरपार्क स्थिति ट्रांसफाॅर्मर के पास आग लग चुकी है। इसमें ट्रांसफाॅर्मर की केबल व अन्य सामान का नुकसान हो चुका है। अधिशासी अभियंता नगरीय मनोज कुमार सिंह ने बताया कि नगर पालिका के ईओ को कई बार पत्र लिखकर ट्रांसफाॅर्मर के पास कूड़ा फेंकने पर रोक लगाने की मांग की गई, लेकिन नगर पालिका की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। ऐसे में अब विभागीय संविदाकर्मियों की मदद से रोज कूड़ा उठवाया जा रहा है।