भूत, जिन्न का भ्रम होने पर डॉक्टर से परामर्श लें : डॉ. अश्वनी
गायघाट। सीएचसी कुदरहा में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय मेगा स्वास्थ्य शिविर में 350 लोगों का परीक्षण हुआ। इन सभी लोगों की कोविड की भी जांच की गई। शिविर में 73 मरीज मानसिक रोग के आए थे। इस दौरान वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अश्विनी यादव ने बताया कि घबराहट, बेचैनी, किसी काम में मन न लगना, भूत, जिन्न आदि का भ्रम होने पर चिकित्सालय में आकर परामर्श लें। इन स्थितियों को नजरअंदाज न करें।
मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. अनिल कुमार दूबे ने बताया कि याददाश्त की कमी, नींद न आना, तनाव, उलझन, घबराहट, बेचैनी, चिड़चिड़ापन, निराशा व आत्महत्या के विचार जैसे लक्षणों के प्रतीत होने से मानसिक समस्या हो सकती है। इस प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सक से परामर्श लें। सीएचसी प्रभारी डॉ. फैज वारिस ने बताया कि वृद्धावस्था में अल्जाइमर होने का खतरा रहता है। इसमें याददाश्त कम हो जाती है। इसके अलावा कई समस्याएं हो जाती हैं। लक्षण प्रतीत होने तक तत्काल इलाज कराएं।
संचालन पवन सिंह ने किया। इस दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से कायाकल्प अवार्ड योजना में चयनित होने पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. फैज वारिश ने स्वास्थ्य कर्मियों को पुरस्कृत किया। इस मौके पर डॉ. विमल द्विवेदी, डॉ. राकेश कुमार, डॉ. रजनी, फार्मासिस्ट दीनानाथ वर्मा, लैब टेक्नीशियन विजय कुमार, ओम प्रकाश, नीलम शुक्ला सहित कई लोग मौजूद रहे।