गौर। स्वास्थ्य योजनाओं को धरातल पर उतारने एवं गर्भवती महिलाओं की जांच व बच्चों के टीकाकरण सहित योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए शासन के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौर अंतर्गत दस ग्राम पंचायतों में नए उप स्वास्थ्य केंद्र बनाए जाने थे।लेकिन टेंडर के अभाव में निर्माण शुरू नहीं हो पा रहा है।
गौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंतर्गत कुल 26 उप स्वास्थ्य केंद्र संचालित हो रहे हैं, जिसमें छह स्वास्थ्य केंद्र किराए के भवन में चल रहा है, जबकि शासन के निर्देश पर 10 नए उप केंद्र बनाए जाने का निर्णय लिया गया है। जिसमें ग्राम पंचायत गया जीतपुर, असनहरा और कठौतिया सावडीह में शासन की ओर से टेंडर प्रक्रिया कराकर उप स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण चालू करा दिया गया है। जबकि अन्य सात ग्राम पंचायतों में टेंडर प्रक्रिया नहीं हो पाई है, जिससे निर्माण कार्य नहीं हो पा रहा है।जबकि एक उपकेंद्र के निर्माण पर 31 लाख 86 हजार रुपये खर्च होने हैं। उप केंद्रों में विकलांगों के लिए रैम्प एवं बाथरूम का भी निर्माण होगा।
इन सेंटरों पर एएनएम तैनात रहेंगी। जहां उन्हें स्वास्थ्य योजनाओं को धरातल पर पहुंचाना होगा। इसके साथ ही प्रत्येक माह के प्रथम बुधवार को टीकाकरण करेंगी और गर्भवती महिलाओं की जांच एवं बच्चों का संपूर्ण टीकाकरण की सुविधा मिलेगी।उपकेंद्र पर ही आशा, आंगनबाड़ी और एएनएम की संयुक्त बैठक सुनिश्चित कराई जाएगी, जिससे मरीजों को सभी जानकारियां समय से मुकम्मल हो सके।सीएचसी अधीक्षक डॉ अमरजीत बरई ने बताया कि दस नए उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण हो जाने पर गांव में ही मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी।बताया कि ग्राम पंचायत धधरिया, खुटहना, मुस्लिम पैकोलिया, कठौतया सावडीह में निशुल्क जमीन उपलब्ध हो गई है। बाकी अन्य ग्राम पंचायतों में जमीन की तलाश की जा रही है।निर्माण कार्य के लिए शासन स्तर से टेंडर प्रक्रिया होता है।
अधीक्षक ने कहा कि स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन एवं टीकाकरण को लेकर सभी एएनएम को सख्त निर्देश दिया गया है,कि नियमित उपकेंद्र पर उपस्थित होकर टीकाकरण और मीटिंग करें।किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इन ग्राम पंचायतों में होना है उप केंद्रों का निर्माण
मझौआ दूधनाथ, खुटहना, गयाजीतपुर, असनहरा, मुस्लिम पैकोलिया, महुआ बरगदवा, जलालाबाद, धधरिया, बेलवा राजा, कठौतिया सावडीह।