बस्ती। दुबौलिया थानाक्षेत्र के बैरागल गांव में गल्ला व्यवसायी पर हुए हमले और लूट की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। व्यवसायी के गांव के ही विपक्षी ने साजिश करके बाहर से बदमाश बुलाकर हमला कराया था। स्वाट टीम के सहयोग से दुबौलिया पुलिस ने साजिशकर्ता और एक हमलावर को बुधवार को दोपहर सैनिया चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया है। उनके कस्बे से लूट की रकम में से सात सौ रुपये नगद बरामद कर लिया है।
एसओ दुबौलिया इंद्रभूषण सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सोमई निवासी बैरागल का गांव के अशोक गुप्ता से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी रंजिश में उसने गांव के अजय वर्मा के जरिए दो अन्य बदमाशों को बुलाकर हमला करवाया था। घटना में शामिल अन्य बदमाशों की तलाश की जा रही है।
बता दें कि दुबौलिया थाना क्षेत्र के बैरागल गांव निवासी अशोक गुप्ता की बैरागल गांव के सामने रामजानकी मार्ग पर किराना एवं गल्ले की दुकान है। 29 जून की रात करीब नौ बजे अशोक का भतीजा गोविंद अपनी दुकान के बाहर कुर्सी लगा कर बैठा था। तभी पूरब दिशा से आए बाइक पर सवार तीन लोगों ने लोहे की राॅड व लकड़ी के डंडे से उसके सिर पर वार कर दिया। गोविंद अचेत होकर कुर्सी से नीचे गिर गया। बदमाश उसकी जेब में रखे पांच हजार रुपये व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। घायल गोविंद को परिवार के लोग सीएचसी कलवारी ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। घायल के चाचा अशोक कुमार ने दुबौलिया पुलिस को अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कराया था।