महंगाई व जीएसटी पर कांग्रेस ने खोला सरकार के खिलाफ मोर्चा
बस्ती। महंगाई तथा खाद्य वस्तुओं पर जीएसटी के विरोध में कांग्रेस ने जिला मुख्यालय पर शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने केन्द्र व प्रदेश सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए पीसीसी सदस्य प्रेमशंकर द्विवेदी के नेतृत्व में शास्त्री चौक से कलेक्ट्रेट तक प्रदर्शन किया। यहां राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को दिया।
इस दौरान दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी व प्रियंका गांधी को हिरासत में लिये जाने पर कड़ी आपत्ति जताई। कांग्रेस नेता प्रेमशंकर द्विवेदी ने कहा जनता महंगाई के बोझ से पहले ही कराह रही थी, खाद्य वस्तुओं तथा बच्चों की पाठ्य सामग्री पर जीएसटी लगाकर सरकार ने खुद के जनविरोधी होने का पुख्ता सबूत दे दिया। महंगाई केन्द्र व प्रदेश सरकार को उखाड़ फेकने का साधन बनेगी। ज्ञापन में अग्निपथ योजना वापस लेने, खाद्य वस्तुओं पर जीएसटी, समाप्त करने, केन्द्रीय जांच एजेंसियों का राजनीतिक स्वार्थ में इस्तेमाल बंद करने, तथा बेरोजगारी कम करने की मांग की गई है।
प्रदेश सचिव देवेन्द्र श्रीवास्तव, बाबूराम सिंह एवं ज्ञानेंद्र पांडेय उर्फ ज्ञानू ने कहा भाजपा सरकारों की मनमानी से देशभर में विकास का पहिया थम गया है। इस दौरान डॉ. शीला शर्मा, गिरजेश पाल, जयंत चौधरी, शिवविभूति मिश्रा, मो. रफीक खां, अवधेश सिंह, शीतला शुक्ला, डॉ. वाहिद सिद्धीकी, आलोक तिवारी, सुरेन्द्र मिश्रा, अनिल सिंह, साधूसरन आर्य, अतीउल्लाह सिद्धीकी आदि मौजूद रहे।