पुणे जाने वाली होली स्पेशल ट्रेन में थर्ड एसी में वेटिंग, स्लीपर में सीट खाली
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। होली के बाद बस्ती से दिल्ली, मुंबई ,सिकंदराबाद, अमृतसर नई दिल्ली, पुणे, गुजरात सहित अन्य बड़े शहरों में जाने वाले रेल यात्रियों की सुविधा के लिए रेल मंत्रालय की ओर से चलाई जा रही होली विशेष स्पेशल ट्रेनों में कंफर्म टिकट अभी आसानी से मिल जा रहे हैं।
गोरखपुर से पुणे बस्ती के रास्ते पुणे जाने वाली होली स्पेशल ट्रेन में थर्ड एसी में 15 वेटिंग चल रहा है जबकि स्लीपर बोगी में कंफर्म टिकट मिल रहे हैं। बिहार के जोगबनी से आनंद विहार नई दिल्ली जाने वाली स्पेशल ट्रेन में एसी द्वितीय श्रेणी व थर्ड एसी सहित चेयरकार में 20 वेटिंग चल रहा है। रक्सौल से चलकर आनंद विहार को जाने वाली होली विशेष स्पेशल ट्रेन में एसी द्वितीय श्रेणी और थर्ड एसी में सीट उपलब्ध है। जबकि स्लीपर कोच फुल चल रहा है।
सीतामढ़ी से नई दिल्ली जाने वाली स्पेशल ट्रेन में एक द्वितीय श्रेणी में टिकट मिल रहा है। जबकि थर्ड एसी और स्लीपर कोच फुल हो चुके हैं। छपरा से सिकंदराबाद जाने वाली स्पेशल ट्रेन में थर्ड एसी में सीट खाली है। इसके लिए यात्रियों को अभी कंफर्म टिकट आसानी से मिल जाएंगे। जबकि स्लीपर बोगी और एसी द्वितीय श्रेणी व चेयरकार फुल हो गए हैं। बरौनी से नई दिल्ली जाने वाली स्पेशल ट्रेन में थर्ड एसी के टिकट आसानी से मिल रहे हैं। गोरखपुर से बांद्रा जाने वाली होली स्पेशल ट्रेन के सभी कोच में जगह खाली है।
बस्ती रेलवे स्टेशन के सीआरओ एके पाठक ने बताया कि होली त्योहार के चलते यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे बोर्ड की ओर से कई होली विशेष स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। ऐसे में होली के बाद वापस जाने के लिए यात्रियों को स्पेशल ट्रेनों में अभी आसानी से कंफर्म टिकट मिल जा रहे हैं। कुछ स्पेशल ट्रेनों में वेटिंग भी शुरू हो गया है। जिन यात्रियों को होली बाद बड़े शहरों में वापस जाना है, वह अपना टिकट शीघ्र कंफर्म कर लें।